IMD Weather Forecast: उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित कई इलाकों में गर्मी बढ़ने की चेतावनी दी है। इस दौरान अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तो वहीं, दक्षिण और उत्तर-पूर्वी हिस्से में आंधी, तूफान और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो उत्तर-पश्चिमी राज्यों में भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी, जबकि कुछ जगहों पर सूखी आंधी या बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
दिल्ली का मौसम
IMD के अनुसार, देश की राजधानी दिल्ली में आज भीषण गर्मी का असर रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के करीब रहेगा। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवा से लोगों को परेशानी होगी। लेकिन शाम के समय आंशिक रूप से बादल छाए रहने और आंधी-तूफान की संभावना है। हालांकि, गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा।
UP-हरियाणा का मौसम
दूसरी तरफ, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में गर्मी का सितम जारी रहेगा। लखनऊ, नोएडा, आगरा, कानपुर और वाराणसी जैसे बड़े शहरों में तापमान 42 डिग्री पहुंच सकता है। तो वहीं, पश्चिमी हिस्से के कुछ जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा हरियाणा में भी गर्मी का असर दिखेगा। इस दौरान तापमान 41-43 डिग्री तक जा सकता है। IMD के अनुसार, 16 से 21 मई तक दिल्ली, UP, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हीट वेव जारी रह सकती है।
इन राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट
IMD ने 15-19 राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। इनमें बिहार, पंजाब के कुछ हिस्से, राजस्थान के पूर्वी इलाके, झारखंड, मध्य प्रदेश शामिल हैं। यहां 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।