IMD Weather Update: मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव संभव है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब समेत कई इलाकों में दिन के समय गर्मी महसूस हो सकती है, लेकिन शाम के समय हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान 30-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा भा चलेगी।
दिल्ली-NCR का मौसम
IMD के अनुसार, आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 37-39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25-27 डिग्री रहने का अनुमान है। सुबह-दोपहर तक गर्मी महसूस होगी, लेकिन शाम के समय आसमान पूरी तरह बादलों से ढक जाएगा। जिसके बाद हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी। दिल्ली के बदलते मौसम से गर्मी से कुछ राहत जरूर मिलेगी।
UP-हरियाणा का मौसम
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी क्षेत्रों में आज दोपहर बाद आंधी-बारिश का दौर शुरू हो सकता है। IMD ने कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 40-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार वाली हवाओं का अलर्ट दिया है। हरियाणा में भी मौसम करवट लेगा। बढ़ती गर्मी के बाद बारिश से ठंडक का एहसास होगा।
अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
IMD ने बताया कि राजस्थान, गुजरात और पश्चिम मध्य प्रदेश में लू का असर जारी रहेगा। इस दौरान तापमान 42-45 डिग्री तक चढ़ सकता है। दूसरी तरफ, बिहार, झारखंड में कुछ जगहों पर हल्की बारिश संभव है। जबकि दक्षिणी राज्यों में मौसम मुख्य रूप से सूखा और गर्म रहेगा। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में 11-13 मई को ओलावृष्टि के साथ बारिश और आंधी का अरल्ट जारी किया है।