IMD Rain Alert: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत में लगातार जारी भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर दी है। मौजूदा हीटवेव के बाद 26 अप्रैल से पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली-NCR और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। दो दिन बाद यानी 26 से 28 अप्रैल तक इन इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
इन राज्यों में बदलेगा मौसम
26 से 28 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली चमकने और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 26-28 अप्रैल के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। तो वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में फिलहाल शुष्क मौसम बना रहेगा, लेकिन बाद में बदलाव संभव है। हालांकि, 23 से 25 अप्रैल तक इन राज्यों में लू और गर्म रातों का असर जारी रहेगा।
दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी यूपी में अधिकतम तापमान 41-44°C के आसपास रह सकता है। इसके अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 23-26 अप्रैल तक हीटवेव की चेतावनी बनी हुई है। पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी है।