Chirag Tyagi Murder Case: गाजियाबाद से खेल जगत को झकझोर देने वाली बड़ी घटना सामने आई है। दरअसल, बेंगलुरु में गोल्ड मेडल जीतकर एशियन पैरा गेम्स के लिए क्वालीफाई करने वाले 24 वर्षीय अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट चिराग त्यागी की बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि चिराग के एक दोस्त और पैरा खिलाड़ी यश खटीक ने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर यश को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल लिया है। आरोपी ने बताया कि चिराग से बदला लेने के लिए उसने उसे मौत के घाट उतार दिया।
कौन थे चिराग त्यागी?
बता दें, चिराग त्यागी गाजियाबाद के मुरादनगर क्षेत्र के बसंतपुर सैंथली गांव के रहने वाले थे। शुक्रवार को बेंगलुरु में आयोजित 8वीं इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उन्होंने 400 मीटर दौड़ में हिस्सा लिया और गोल्ड मेडल जीता था। इसी के साथ उन्होंने जापान में होने वाले पैरा एशियन गेम्स के लिए अपनी जगह पक्की कर ली थी। लेकिन तभी उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
दरअसल, चिराग बेंगलुरु से अपने घर लौट रहे थे। लेकिन काफी समय तक उनसे संपर्क नहीं हो पाया। इसी बीच, बुधवार दोपहर करीब 3 बजे पुलिस को साईं कुंज (साईं उपवन) इलाके से एक युवक के शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और चिराग का परिवार घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान की।
पूछताछ में कबूल किया गुनाह
पुलिस के अनुसार, चिराग और यश खटीक दोनों ही ब्लाइंड कैटेगरी (T12) के पैरा एथलीट थे और एक साथ प्रैक्टिस करते थे। लेकिन कुछ समय पहले चिराग ने यश खटीक के दस्तावेजों की वेरिफिकेशन में अनियमितता की शिकायत की थी। जिस वजह से यश का क्वालिफिकेशन रद्द हो गया। इस बात से नाखुश यश के सिर पर खून सवार था और बदले की आग में चिराग पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौत हो गई। यश ने पुलिस पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया है।