Delhi-Noida Traffic Advisory: दिल्ली और नोएडा आने-जाने वाले लोगों के लिए आज का दिन मुश्किल भरा हो सकता है। दरअसल, 13 अप्रैल को नोएडा के फेज-2 और सेक्टर-62 समेत कई इलाकों में निजी फैक्ट्री के मजदूरों के वेतन वृद्धि को लेकर हुए उग्र प्रदर्शन के कारण आज भी चिल्ला बॉर्डर, डीएनडी फ्लाईवे, एनएच-9 और आसपास के कई रूट्स पर भारी जाम की स्थिति बनी हुई है।
इसके अलावा आज डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के मौके पर भी नोएडा और दिल्ली में कार्यक्रम होने के कारण कुछ अतिरिक्त डायवर्जन लागू हो सकते हैं। महामाया फ्लाईओवर, फिल्म सिटी फ्लाईओवर और आसपास के इलाकों में भीड़ बढ़ने की संभावना है। जिसके चलते दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिए हैं। साथ ही, लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले लाइव ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक करें।
प्रभावित मुख्य रास्ते
1. चिल्ला बॉर्डर और नोएडा लिंक रोड: दिल्ली से नोएडा की ओर जाने वाला यह प्रमुख रास्ता सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां ट्रैफिक मूवमेंट गंभीर रूप से बाधित है।
2. सेक्टर 15, 16, 18 और नोएडा मोर: इन इलाकों में भारी भीड़भाड़, जाम की आशंका।
3. सेक्टर 62, 63, 80, 84: प्रदर्शन वाले क्षेत्र होने के कारण इन सड़कों पर आवाजाही प्रभावित।
4. डीएनडी फ्लाईवे और एनएच-9: इन रूट्स पर भी लंबे जाम लगे हुए हैं, हालांकि पुलिस डायवर्जन की कोशिश कर रही है।
5. मयूर विहार फेज-1, अक्षरधाम-नोएडा रूट: कुछ समय के लिए बंद या प्रतिबंधित रहा।
वैकल्पिक रास्ते
दिल्ली से नोएडा जाने वाले लोग इन रास्तों का इस्तेमाल करें:
1. डीएनडी फ्लाईवे का उपयोग करें (सराय काले खां से)।
2. एनएच-24 से कोंडली ब्रिज होते हुए नोएडा मोड से नोएडा प्रवेश करें।
3. इसके अलावा कालिंदी कुंज रूट से एक्सप्रेसवे की ओर जा सकते है।
4. पूर्वी दिल्ली या गाजियाबाद से आने वाले लोग मयूर विहार फेज-1 → चिल्ला बायपास या अन्य वैकल्पिक सेक्टर रोड्स का इस्तेमाल करें।
दिल्ली में इन सड़कों पर हो सकता है जाम
दिल्ली में 14 अप्रैल को डॉ. बी.आर. अंबेडकर की 135वीं जयंती के मौके पर एक बड़ी जनसभा और शोभा यात्रा होगी। यह यात्रा रामलीला मैदान से शुरू होगा और अजमेरी गेट, श्रद्धानंद मार्केट, खारी बावली, कुतुब रोड, सदर बाजार, बारा टूटी चौक, पहाड़ी धीरज, फिल्मिस्तान सिनेमा, मानकपुरा, सीधी पुर, ईस्ट पार्क रोड, डी.बी. गुप्ता रोड, गुरु रविदास मार्ग, देव नगर, कीकर वाला चौक, हाथी वाला चौक, रेगर पुरा, आर्य समाज रोड, डॉ. अंबेडकर मार्ग और रानी झांसी रोड जैसे मुख्य स्थानों से होते हुए अंबेडकर भवन पर समाप्त होगा।