KhabarFast

Pahalgam Attack Anniversary: 'आतंक के आगे नहीं झुकेगा भारत', पहलगाम हमले की बरसी पर PM मोदी का कड़ा रुख

Nancy | 22 Apr, 2026

PM Modi Statement on Terrorism: जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम की बैसरन घाटी में 22 अप्रैल 2025 को हुए बर्बर आतंकी हमले की पहली बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को एक मजबूत संदेश दिया। PM मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर हमले में शहीद हुए 26 निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि भारत कभी भी आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे नहीं झुकेगा।

पहलगाम हमले की बरसी पर PM मोदी का संदेश

PM मोदी ने लिखा 'पिछले साल आज ही के दिन पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष लोगों को याद कर रहा हूं। वे कभी नहीं भुलाए जाएंगे। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। एक राष्ट्र के रूप में हम दुख और संकल्प में एकजुट हैं। भारत आतंकवाद के आगे नहीं झुकेगा। आतंकियों के घिनौने मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।' 

कब-कैसे हुआ था हमला?

बता दें, यह हमला 22 अप्रैल 2025 को दोपहर करीब 2:30 बजे बैसरन घाटी में हुआ था, जहां पाकिस्तान समर्थित आतंकियों (TRF, लश्कर-ए-तैयबा का ऑफशूट) ने पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। हमले में 25 पर्यटक (ज्यादातर हिंदू) और एक स्थानीय निवासी सहित कुल 26 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 17 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। खून खोलाने वाली बात यह थी कि आतंकियों ने पीड़ितों से पहचान पूछकर लक्षित हत्या की, जिसने पूरे देश को गहरे सदमे में डाल दिया था।

Also read: Aaj Ka Mausam: कहीं बारिश तो कहीं लू का कहर, दिल्ली में 42 के पार जाएगा तापमान; इन राज्यों के लिए IMD का अलर्ट

भारत की दृढ़ प्रतिक्रिया

इस हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर चलाया, जिसमें कई आतंकी सुविधाओं को निशाना बनाया गया। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने लश्कर-ए-तैयबा और TRF पर आरोप पत्र दाखिल किया। भारतीय सेना ने आज बरसी के मौके पर भी दोहराया कि शहीदों को न्याय दिलाने और आतंकवाद की जड़ें उखाड़ फेंकने की लड़ाई जारी रहेगी। दूसरी तरफ, पहलगाम समेत पूरे कश्मीर घाटी में आज सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पर्यटन स्थलों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की भारी तैनाती है। Loc पर भी अलर्ट बढ़ाया गया है।