Chamba Road Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां सोमनार सुबह 3 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दरअसल, गुजरात से आए पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर डलहौजी रे ककीरा क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गया। जिसमें छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि टेंपो ट्रैवलर सड़क से फिसलकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया।
गुजरात से आए थे सभी पर्यटक
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर में कुल 10 लोग सवार थे, जो गुजरात के अहमदाबाद और सूरत क्षेत्र के रहने वाले थे। वे सभी लोग हिमाचल घूमने आए थे। जांच की मानें तो वाहन ककीरा के नारंग घाटी वाले घुमावदार रास्ते पर चल रहा था, तभी ये हादसा हुआ। तो वहीं, पुलिस चालक के नियंत्रण खो देने और तेज रफ्तार को मुख्य वजह मान रही है। इसके अलावा बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी थी, जिससे हादसा होना संभव है।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, SDRF टीम और ग्रामीणों ने रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया। खाई की गहराई और अंधेरे के कारण रेस्क्यू में काफी दिक्कतें आईं। लेकिन सभी घायलों को निकालकर पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि पुलिस मृतकों की पहचान कर रही है।