Sukhna Lake Model Haryana: हरियाणा के औद्योगिक क्षेत्र IMT मानेसर की जमीन का कायाकल्प किया जा रहा है। दरअसल, यहां की 36 एकड़ जमीन पर बने गोल्फ कोर्स की जगह अब उद्यमियों की मांग पर इसे चंडीगढ़ की प्रसिद्ध सुखना झील की तर्ज पर विकसित की जा रहा है। यह परियोजना न केवल इलाकों को नया पर्यटन केंद्र बनाएगी, बल्कि HSIIDC को अतिरिक्त राजस्व भी उपलब्ध कराएगी।
रखरखाव में आई कमी
उद्यमियों ने बताया कि IMT मानेसर में बना गोल्फ कोर्स लगभग 20 साल पहले बनाया गया था। जिसका आज तक कोई उपयोग नहीं किया गया। उनका कहना है कि गोल्फ कोर्स बनने का बाद इसका रखरखाव सही तरह से नहीं किया गया, जिस वजह से घास बढ़ गई है, दीवारें सड़ने लगी और पूरी इमारत की हालत बद से बदतर हो गई। इसका सबसे ब़ड़ा कारण है कि रखरखाव समिति का गठन ही नहीं हुआ।
सुखना झील की तर्ज पर होगा तैयार
जिसके बाद अब इसे सुखना झील की तर्ज पर दोबारा तैयार किया जा रहा है। इसके तैयार होने से इसे शादी-विवाह, कॉर्पोरेट इवेंट्स, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पर्यटन गतिविधियां जैसे आयोजनों के लिए इस्तेमाल में लाया जाएगा। इसके अलावा यहां सप्ताह में एक दिन साप्ताहिक बाजार भी लगाया जा सकता है। इसमें घूमने-फिरने के लिए वॉकवे, ग्रीन जोन, बैठने की व्यवस्था और इवेंट स्पेस शामिल किए जा सकते हैं।
बता दें, IMT मानेसर हरियाणा का प्रमुख औद्योगिक केंद्र है, जहां ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य उद्योगों की बड़ी संख्या में इकाइयां संचालित हैं। ऐसे में 36 एकड़ की इस जमीन का पुनरुद्धार न केवल उद्यमियों की मांग पूरी करेगा बल्कि आसपास के निवासियों और कर्मचारियों के लिए भी बेहतर सुविधा प्रदान करेगा। इस परियोजना से औद्योगिक इकाइयों को आकर्षक वातावरण मिलेगा। इससे HSIIDC को नियमित राजस्व की प्राप्ति भी सुनिश्चित होगी।