Arvind Kejriwal New Bungalow: दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नए सरकारी आवास को लेकर सियासी घमासान एक बार फिर तेज हो गया है। भाजपा ने लोधी एस्टेट स्थित केजरीवाल के नए बंगले की तस्वीरें जारी कर इसे ‘शीशमहल-2’ करार दिया है, जबकि आप ने इन तस्वीरों को ‘फर्जी और गढ़ी हुई कहानी’ बताते हुए इसका सख्त खंडन किया है। यह विवाद दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर ‘आम vs खास’ की बहस को तूल दे रहा है। दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर हमले तेज कर रही हैं।
BJP ने दिखाया केजरीवाल का शीशमहल-2
दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केजरीवाल के नए बंगले की कुछ तस्वीरें दिखाईं और दावा किया कि पूर्व सीएम अब भी सरकारी खर्च पर भव्य जीवन जी रहे हैं। भाजपा ने सवाल उठाया कि आम आदमी पार्टी का ‘आम आदमी’ नेता इतने शानदार बंगले में क्यों रह रहा है और इसमें कितना सरकारी पैसा खर्च हुआ है?
बता दें, केजरीवाल को दिल्ली सरकार द्वारा लोधी एस्टेट में Type-VII श्रेणी का नया सरकारी बंगला आवंटित किया गया है। जिसे भाजपा पुराने ‘शीशमहल’ (फ्लैगस्टाफ रोड) का नया संस्करण बता रही है। जबकि आप का दावा है कि आवास आवंटन पूरी तरह सरकारी नियमों के अनुसार हुआ है और इसमें कोई अनियमितता नहीं है।
AAP का पलटवार
दूसरी तरफ, आप ने भाजपा के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि प्रवेश वर्मा द्वारा जारी तस्वीरें पूरी तरह फर्जी हैं और ये केजरीवाल के बंगले की नहीं हैं। आतिशी ने कहा 'भाजपा घबराई हुई है। वे फर्जी तस्वीरें दिखा रही है। अगर उन्हें सच जानना है तो वे खुद के और उपराज्यपाल के बंगले खोलकर दिखाएं। केजरीवाल जी भी अपना बंगला दिखाने को तैयार हैं।' तो वहीं, संजय सिंह ने भी खुली चुनौती देते हुए कहा 'LG साहब और सीएम रेखा गुप्ता जी अपना घर जनता के सामने खोलें, फिर हम केजरीवाल जी का घर खोलेंगे। भाजपा सिर्फ भ्रम फैला रही है।'