Delhi Metro Extra Trains: दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है। दिल्ली-NCR में मेट्रो सेवाओं को और मजबूत करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) द्वारा आज से 6 अतिरिक्त मेट्रो ट्रेनें तलाई जाएंगी, जो पूरे दिन में 24 अतिरिक्त फेरे लेगी। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील की तर्ज पर DMRC ने ये फैसला लिया है। जिसमें सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देते हुए ईंधन बचत पर जोर दिया गया है।
DMRC की यह नई व्यवस्था आज 18 मई से शुरू हो गई है. जिसमें ऑफिस जाने वाले लोगों, छात्रों और रेलवे स्टेशन या एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा। दरअसल, सोमवार को वीकेंड के बाद बढ़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए ही यह व्यवस्था की गई है। इसके अलावा अन्य दिनों में भी पैसेंजर डिमांड के आधार पर अतिरिक्त सेवाएं बढ़ाई जा सकती हैं।
इन स्टेशनों पर मिलेगा सीधा फायदा
1. ब्लू लाइन पर नोएडा, वैशाली और द्वारका की तरफ सफर करने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
2. येलो लाइन पर राजीव चौक, कश्मीरी गेट और गुरुग्राम में भीड़ होगी।
3. मजेंटा लाइन से एयरपोर्ट और साउथ दिल्ली की तरफ सफर और ज्यादा आरामदायक होगा।
4. रेड लाइन पर शाहदरा, दिलशाद गार्डन और गाजियाबाद की तरफ जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
5. एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और इससे जुड़े स्टेशनों पर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
6. रेलवे स्टेशनों (NDLS, Old Delhi, Hazrat Nizamuddin) और ISBT (कश्मीरी गेट, आनंद विहार, सराय काले खां) इंटरचेंज स्टेशनों से जुड़े रूट्स पर भी अतिरिक्त ट्रेनें चलेंगी।
DMRC के अन्य इंतजाम
1. सभी स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे।
2. सभी स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले जाएंगे
3. अतिरिक्त डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) और बैगेज स्कैनर सक्रिय किए जाएंगे।
4. फ्रिस्किंग पॉइंट्स पर वेटिंग टाइम कम करने की कोशिश होगी।
5. पीक आवर्स में यात्रियों की आवाजाही के लिए स्टाफ की तैनाती बढ़ाई जाएगी।
दिल्ली में 'मेट्रो डे' का ऐलान
DMRC के इस कदम के बाद दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने भी बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने ऐलान किया है कि आज से हर सोमवार को 'मेट्रो डे' मनाया जाएगा। जिसके तहत हर सोमवार को सभी मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और सरकारी कर्मचारी कार की बजाय मेट्रो से ही सफर करेंगे।