KhabarFast

Delhi News: हिमांशु भाऊ गैंग पर गिरी गाज, दिल्ली पुलिस ने दो इनामी शूटर को किया गिरफ्तार

Parth Jha | 28 Mar, 2026

Himanshu Bhau Gang Shooters Arrested: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने संगठित अपराध पर लगातार प्रहार करते हुए कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के दो इनामी शार्पशूटरों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों पर दिल्ली और हरियाणा में कई गंभीर आपराधिक मामलों में इनाम घोषित था।

हिमांशु भाऊ के 2शूटर गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार शूटरों की पहचान लक्ष्य और नीरज के रूप में हुई है। दोनों पर अलग-अलग 1-1लाख रुपये का इनाम घोषित था। ये दोनों दिल्ली-NCR और हरियाणा में हिमांशु भाऊ के इशारे पर रंगदारी वसूली के लिए फायरिंग करने और हत्या के मामलों में वांछित थे। अमेरिका में छिपे बैठे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के ऑर्डर पर ये शूटर दिल्ली में कारोबारियों से जबरन पैसे ऐंठने की साजिश रचते थे।

दोनों आरोपी दिल्ली-हरियाणा में कई कांड करने के बाद महाराष्ट्र में छिपे हुए थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ये दोनों महाराष्ट्र में शरण लिए हुए हैं। स्पेशल सेल की टीम ने सटीक इंटेलिजेंस के आधार पर ऑपरेशन चलाकर उन्हें धर दबोचा। पूछताछ में दोनों ने गैंग के अन्य सदस्यों और विदेश से चल रही आपराधिक गतिविधियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी है।

हिमांशु भाऊ गैंग का बैकग्राउंड

हिमांशु भाऊ गैंग दिल्ली-NCR में रंगदारी, हत्या के प्रयास और सुपारी किलिंग के लिए जाना जाता है। गैंगस्टर हिमांशु भाऊ विदेश से अपने गिरोह को ऑपरेट करता है और सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से युवाओं को भर्ती करता है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह ने कई बिजनेसमैन को निशाना बनाया था। दिल्ली पुलिस पहले भी इस गैंग के कई सदस्यों को मुठभेड़ और छापेमारी में गिरफ्तार कर चुकी है, जिसमें विक्की उर्फ मोगली और चंदर भान जैसे नाम शामिल हैं।