Kurnool Road Accident: आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मंत्रालयम मंडल के चिलकलडोना गांव के पास बोलेरो कार और रेडी-मिक्स लॉरी की आमने-सामने की टक्कर में कर्नाटक के 8 तीर्थयात्री मौत की नींद सो गए। जबकि इस हादसे में 12 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
कहां-कैसे हुआ हादसा?
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कर्नाटक के चिकमगलूर जिले के तीर्थयात्री श्री राघवेंद्र स्वामी मंदिर के दर्शन के लिए मंत्रालयम जा रहे थे। बोलेरो वाहन में सवार ये श्रद्धालु तड़के के समय हाईवे पर यात्रा कर रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही रेडी-मिक्स लॉरी से उनकी गाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य घायलों को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में या इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने घायलों को तुरंत निकालकर यम्मिगनूर और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
मौके पर पहुंची कुरनूल पुलिस ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है और दुर्घटना का सही कारण पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। शुरुआती रिपोर्ट में तेज रफ्तार या किसी अन्य लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है। लेकिन इस हादसे से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।