KhabarFast

यशस्वी जायसवाल और शेफाली वर्मा को NADA का नोटिस, डोप टेस्ट मिस करने का मामला

Shivani Jha | 09 May, 2026

Cricketers Doping Rules: भारतीय क्रिकेट के दो बड़े नाम यशस्वी जायसवाल और शेफाली वर्मा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी National Anti Doping Agency (NADA) ने दोनों खिलाड़ियों को नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई ‘वेयरअबाउट्स फेल्योर’ नियम के तहत की गई है। एंटी-डोपिंग नियमों के मुताबिक खिलाड़ियों को पहले से यह जानकारी देनी होती है कि वे तय समय और स्थान पर कहां मौजूद रहेंगे, ताकि अचानक डोप टेस्ट किया जा सके। यशस्वी और शेफाली दोनों ही NADA के रजिस्टर्ड टेस्टिंग पूल यानी RTP का हिस्सा हैं।

डोप टेस्ट में नहीं पहुंची दोनों खिलाड़ी

जानकारी के अनुसार, यशस्वी जायसवाल का डोप टेस्ट 17 दिसंबर को होना था, जबकि शेफाली वर्मा का टेस्ट 7 नवंबर को तय था। लेकिन जब डोपिंग कंट्रोल अधिकारी तय स्थान पर पहुंचे, तो दोनों खिलाड़ी वहां मौजूद नहीं मिले। इसके बाद NADA ने फरवरी में दोनों खिलाड़ियों को स्पष्टीकरण नोटिस भेजा। यशस्वी से 18 फरवरी और शेफाली से 20 फरवरी तक जवाब मांगा गया था। बताया जा रहा है कि समय पर जवाब नहीं मिलने के बाद एजेंसी ने दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ पहला ‘मिस्ड टेस्ट’ दर्ज कर लिया है।

नियम तोड़ने का लग सकता है आरोप

हालांकि, फिलहाल यह मामला सीधे डोपिंग उल्लंघन की श्रेणी में नहीं आता। एंटी-डोपिंग नियमों के अनुसार यदि कोई खिलाड़ी 12 महीने के अंदर तीन बार ‘वेयरअबाउट्स फेल्योर’ का दोषी पाया जाता है, तो उसे नियम तोड़ने का आरोपी माना जा सकता है। ऐसी स्थिति में खिलाड़ी पर दो साल तक का बैन भी लगाया जा सकता है। फिलहाल दोनों खिलाड़ियों को अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया है और इस पूरी प्रक्रिया की जानकारी Board of Control for Cricket in India यानी BCCI को भी दे दी गई है।

एंटी-डोपिंग नियमों को लेकर नई चर्चा शुरू

यशस्वी जायसवाल इस समय Rajasthan Royals के लिए आईपीएल 2026 खेल रहे हैं। वहीं शेफाली वर्मा ने हाल ही में महिला विश्व कप 2025 में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। इस मामले के सामने आने के बाद भारतीय क्रिकेट में एंटी-डोपिंग नियमों को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।

Also read: सूर्या के बाद किसको मिलेगी टी20 की कमान, संजू सैमसन या अय्यर; जानें किसका पलड़ा भारी