KhabarFast

हिसार GJUST में हिंसा मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार

Shivani Jha | 17 Apr, 2026

Haryana News: हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJUST) में कल हुई हिंसक घटना के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 6 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस बल पर हमले का आरोप लगाया गया है। जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा कारणों और पहले के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए ‘छात्र संवाद’ कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी थी। इसके बावजूद लगभग 250 से 260 लोगों की भीड़ यादव धर्मशाला में एकत्रित हो गई। दोपहर करीब 12:10 बजे यह भीड़ विश्वविद्यालय की ओर बढ़ी और गेट नंबर 3 पर तैनात पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी।

परिसर में बना दहशत का माहौल 

स्थिति धीरे-धीरे बिगड़ गई और उपद्रवियों ने सरकारी ड्यूटी में बाधा डालते हुए जबरन कैंपस में प्रवेश कर लिया। इस दौरान कुलपति (VC) कार्यालय के गेट को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद थाना शहर हिसार पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है, जिनमें आपराधिक अतिचार, दंगा भड़काना, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और लोक सेवक के कार्य में बाधा डालना शामिल है।

6 युवक हुए गिरफ्तार

पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए मौके से 6 मुख्य युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और उनकी तलाश जारी है। जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया जा रहा है ताकि पूरे घटनाक्रम में शामिल हर व्यक्ति की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा।

पुलिस ने उठाया सख्त कदम 

हिसार के पुलिस अधीक्षक ने इस घटना पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और पुलिस पर हमला करना गंभीर अपराध है। पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है।

Also read: Haryana News: रिश्वत लेने के मामले में पटवारी प्रदीप कुमार गिरफ्तार, एसीबी गुरुग्राम की बड़ी कार्रवाई