KhabarFast

महमूदुल्लाह ने याद की भारत के हाथों हार की दर्दनाक याद, कहा- आखिरी ओवर में की थी चौका मारने की कोशिश

Parth Jha | 13 Mar, 2026

T20 World Cup: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2016 का भारत-बांग्लादेश मुकाबला अब भी क्रिकेट फैन्स की यादों में ताजा है। 23 मार्च 2016 को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने आखिरी गेंद पर बांग्लादेश को 1 रन से हराकर अविश्वसनीय जीत दर्ज की थी। मैच का आखिरी ओवर हार्दिक पंड्या ने फेंका था, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी कर मैच का नाटक पलट दिया।

अब बांग्लादेश के पूर्व कप्तान महमूदुल्लाह ने उस हार को याद करते हुए बड़ा बयान दिया है। महमूदुल्लाह ने कहा कि वह पल टीम के लिए बेहद दर्दनाक था और खिलाड़ी मैदान से लेकर होटल तक रोते रहे। उन्होंने बताया कि टीम उस हार को समझ ही नहीं पाई थी।

वह बहुत दर्दनाक था- महमूदुल्लाह

महमूदुल्लाह ने कहा कि मुझे आज भी समझ नहीं आता कि उस मैच में क्या हुआ, वह बहुत दर्दनाक था। हम मैदान पर रो पड़े और होटल लौटकर भी रोते रहे। मैं, मुशफिकुर और कई अन्य खिलाड़ी बेहद दुखी थे क्योंकि हम भारत को हराने के बहुत करीब थे।” उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उस समय उनकी सोच गलत थी।

आखिरी ओवर में चौका मारने की कोशिश- पूर्व कप्तान

पूर्व कप्तान ने बताया कि उन्होंने आखिरी ओवर में मैच खत्म करने के लिए एक चौका मारने की कोशिश की, जबकि सही विकल्प स्ट्राइक रोटेट करना था। महमूदुल्लाह ने कहा कि अगर मैं चौका मार पाता तो मैच खत्म हो जाता। यह मेरी बहुत बड़ी गलती थी। मैच में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 146 रन बनाए थे। भारत की ओर से सुरेश रैना ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश लगातार बढ़त में दिख रहा था। आखिरी ओवर में बांग्लादेश को जीत के लिए 11 रन चाहिए थे और उनके चार विकेट बचे थे।

हार्दिक पंड्या ने दी थी मात

हार्दिक पंड्या ने चौथी और पांचवीं गेंद पर मुश्फिकुर रहीम और महमूदुल्लाह को आउट कर दिया। आखिरी गेंद पर शुवागता होम 2 रन नहीं बना पाए और कप्तान एम. एस. धोनी ने तेजी से रन आउट कर मैच भारत के नाम कर दिया। इस जीत ने भारत की टूर्नामेंट में उम्मीदें जीवित रखीं, लेकिन सेमीफाइनल में भारत को वेस्टइंडीज से हार का सामना करना पड़ा।