MP News: मध्य प्रदेश के पन्ना में जिले के अजयगढ़ जनपद अंतर्गत ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा में खेत पर कुएं की खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बिन्नू अहिरवार के खेत में पिछले करीब 10 दिनों से 7 मजदूरों द्वारा कुएं की खुदाई की जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अचानक मिट्टी धंसने से पूरा घटनाक्रम मातम में बदल गया।
जानकारी के मुताबिक खुदाई के दौरान दो मजदूर पानी पीने के लिए ऊपर आए ही थे कि अचानक कुएं की मिट्टी भरभराकर धंस गई और अंदर काम कर रहे 5 मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में दबे मजदूरों के नाम चुन्नू यादव, राजकुमार यादव, आशीष यादव, चुनवाद पाल बताए जा रहे हैं। रेस्क्यू के दौरान राजकुमार यादव का शव बाहर निकाल लिया गया है, जबकि बाकी 4 मजदूरों की तलाश जारी है।
क्या बिना तकनीकी जांच खोदा जा रहा था कुआं? हादसे ने खड़े किए कई सवाल
घटना के बाद मौके पर पुलिस टीम, राजस्व विभाग और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय जानकारी के अनुसार जिस स्थान पर कुएं की खुदाई हो रही थी, वहां की मिट्टी भुसभुसी और कमजोर थी। तकनीकी नजरिए से ऐसे स्थान पर गहरी खुदाई करना पहले से ही हादसे को न्योता देने जैसा माना जाता है और आखिरकार वही हुआ।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह खुदाई किस आधार पर कराई जा रही थी? क्या कुएं की खुदाई व्यक्तिगत अनुमति लेकर करवाई जा रही थी या फिर किसी शासकीय योजना के तहत काम चल रहा था? यदि मिट्टी की स्थिति जोखिमभरी थी तो क्या कोई तकनीकी निरीक्षण या सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था?