KhabarFast

ईरान-अमेरिका तनाव के बीच भारत आएंगे ईरानी विदेश मंत्री, BRICS बैठक में होगी बड़ी चर्चा

Shivani Jha | 11 May, 2026

Seyed Abbas Araghchi India Visit: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक बड़ा कूटनीतिक अपडेट सामने आया है। ईरान के विदेश मंत्री Seyyed Abbas Araghchi इसी हफ्ते भारत दौरे पर आने वाले हैं। वह दिल्ली में होने वाली BRICS देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे। जानकारी के मुताबिक, BRICS विदेश मंत्रियों की यह अहम बैठक 14 और 15 मई को आयोजित हो सकती है। इस बैठक में मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही भी प्रमुख मुद्दा रहेगा।

जहाजों को करना पड़ रहा चुनौतियों का सामना 

पिछले कुछ हफ्तों से भारत के जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट में आवाजाही के दौरान कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। भारत इस मुद्दे को लेकर लगातार बातचीत कर रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। ऐसे में इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, रूस के विदेश मंत्री सेर्गेय लावरोव  का भारत आना तय हो चुका है। वहीं चीन के विदेश मंत्री Wang Yi के बैठक में शामिल होने की संभावना कम बताई जा रही है। इसकी वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का चीन दौरा है। उन्हीं दिनों ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति Xi Jinping की बैठक प्रस्तावित है।

अमेरिका ने लगाया ईरान पर आरोप

दरअसल, ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच तनाव फरवरी 2026 के आखिर में तेजी से बढ़ा था। अमेरिका का आरोप है कि ईरान परमाणु हथियार और लंबी दूरी की मिसाइलें विकसित कर रहा था। इसी के बाद अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमला किया था। जवाब में ईरान ने खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।

BRICS बैठक में समाधान की उम्मीद

तनाव के बाद ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट पर नियंत्रण बढ़ा दिया, जिससे तेल और गैस सप्लाई को लेकर दुनिया भर में चिंता बढ़ गई। भारत भी इससे प्रभावित देशों में शामिल है, क्योंकि बड़ी मात्रा में तेल इसी रास्ते से आता है। अब BRICS बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा से समाधान निकलने की उम्मीद जताई जा रही है। यह बैठक वैश्विक राजनीति और ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। 

Also read: नॉर्थ कोरिया का बड़ा फैसला, किम जोंग उन पर खतरा हुआ तो अपने आप होगा परमाणु हमला