US-Iran 14 Day Ceasefire:: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार रात को ईरान के साथ दो हफ्ते के अस्थायी युद्धविराम की घोषणा कर दी है। यह फैसला ईरान द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को तुरंत पूरी तरह और सुरक्षित रूप से खोलने की शर्त पर लिया गया है। ट्रंप ने इसे दोनों तरफ से सीजफायर बताया है, जबकि इजरायल ने भी इस अस्थायी समझौते को स्वीकार कर लिया है।
अमेरिका-ईरान के बीच 2 हफ्तों का युद्धविराम
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के अनुरोध पर उन्होंने ईरान पर हमलों को दो हफ्ते के लिए रोकने का फैसला किया है। उन्होंने कहा 'ईरान के इस्लामिक रिपब्लिक द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह, तुरंत और सुरक्षित रूप से खोलने की शर्त पर मैं ईरान पर बमबारी और हमलों को दो हफ्ते के लिए निलंबित करने पर सहमत हूं।'
बता दें, यह घोषणा ट्रंप द्वारा दी गई 8 अप्रैल की शाम 8 बजे (ईस्टर्न टाइम) की डेडलाइन से ठीक पहले आई, जिसमें उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर होर्मुज नहीं खोला गया तो ईरान की सभ्यता को भारी नुकसान पहुंच सकता है। इससे पहले ट्रंप ने ईरान की ऊर्जा बुनियादी ढांचे और पुलों पर बड़े हमलों की धमकी दी थी।
क्या हैं ईरान की 10 शर्तें?
ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने इस समझौते को स्वीकार कर लिया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अगर हमले रुक जाते हैं तो अगले दो हफ्तों तक होर्मुज से जहाजों का सुरक्षित गुजर संभव होगा, जो ईरानी सशस्त्र बलों के समन्वय से होगा। ईरान ने इसे अपनी 10 सूत्रीय शांति योजना का हिस्सा बताया है।