White House Shooting: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में स्थित व्हाइट हाउस के पास रविवार को गोलीबारी की बड़ी घटना सामने आई। घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में मौजूद थे। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध हमलावर को मार गिराया। जानकारी के अनुसार, व्हाइट हाउस परिसर के बाहर अचानक करीब 25 गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग डर के कारण इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद इलाके को तुरंत घेर लिया गया और सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।
हमलावर की हुई पहचान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर की पहचान 21 वर्षीय नेसिर बेस्ट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका हिंसक व्यवहार और संदिग्ध गतिविधियों का पुराना रिकॉर्ड था। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के जवानों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही ढेर कर दिया। इस घटना की पुष्टि Federal Bureau of Investigation के निदेशक Kash Patel ने भी सोशल मीडिया पर की। उन्होंने बताया कि एफबीआई और सीक्रेट सर्विस पूरे मामले की जांच कर रही हैं और जल्द ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
ट्रंप ने सुरक्षाबलों की सराहना की
घटना के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों ने बेहद तेज और पेशेवर तरीके से कार्रवाई की, जिससे बड़ा खतरा टल गया। ट्रंप ने कहा कि भविष्य में भी वॉशिंगटन को दुनिया की सबसे सुरक्षित राजधानी बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि व्हाइट हाउस जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर की सुरक्षा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा सकती।
मेयर ने जताई चिंता
इस बीच न्यूयॉर्क सिटी के मेयर ज़ोहरान क्वामे ममदानी ने भी घटना पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि व्हाइट हाउस के पास हुई गोलीबारी की खबर बेहद चौंकाने वाली है। साथ ही उन्होंने त्वरित कार्रवाई के लिए सीक्रेट सर्विस टीम का धन्यवाद किया। फिलहाल अमेरिकी एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमलावर का मकसद क्या था और क्या वह किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।
Also read: पाकिस्तान के क्वेटा में ट्रेन पर बड़ा सुसाइड अटैक, आत्मघाती हमले में 23 लोगों की दर्दनाक मौत