KhabarFast

IPL 2026 Full Schedule: इस दिन से शुरू होगा दूसरा, 12 शहरों में होंगे 50 मुकाबले

Parth Jha | 26 Mar, 2026

IPL 2026 Schedule: बीसीसीआई ने गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के दूसरे चरण का शेड्यूल जारी कर दिया है। लीग के बचे हुए 50 मुकाबले 13 अप्रैल से 24 मई 2026 तक देश के 12 शहरों में खेले जाएंगे। दूसरे चरण के मैच बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, रायपुर और न्यू चंडीगढ़ में आयोजित होंगे। इससे पहले पहला चरण 28 मार्च से 12 अप्रैल तक खेला जाएगा।

दूसरे चरण की शुरुआत 13 अप्रैल को होगी, जहां सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से हैदराबाद में होगा। यह मैच आगे के रोमांचक मुकाबलों की शुरुआत करेगा। टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला माने जाने वाला ‘एल क्लासिको’ भी इसी चरण में खेला जाएगा। मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच पहला मैच 23 अप्रैल को मुंबई में और दूसरा मैच 2 मई को चेन्नई में होगा।

प्लेऑफ में जगह बनाने की दौड़ तेज

जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ेगा, प्लेऑफ में जगह बनाने की दौड़ और तेज हो जाएगी। सभी टीमें अपने प्रदर्शन से अंक तालिका में ऊपर आने की कोशिश करेंगी, जिससे मुकाबले और ज्यादा रोमांचक होने की उम्मीद है। इस चरण में कुल आठ डबल हेडर मैच भी होंगे। दोपहर के मुकाबले 3:30 बजे और शाम के मैच 7:30 बजे शुरू होंगे।

धर्मशाला में तीन मुकाबले

पंजाब किंग्स अपने घरेलू मैच न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला में खेलेगी, जिसमें धर्मशाला में तीन मुकाबले होंगे। राजस्थान रॉयल्स जयपुर में चार होम मैच खेलेगी। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु तीन मैच बेंगलुरु और दो मैच रायपुर में खेलेगी। फिलहाल प्लेऑफ मुकाबलों के स्थान की घोषणा बाद में की जाएगी। आईपीएल 2026 का दूसरा चरण क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद खास रहने वाला है, जहां हर मैच के साथ रोमांच और बढ़ेगा।