KhabarFast

दिल्ली मेट्रो फेज-4 का निरीक्षण, सीएम रेखा गुप्ता ने आर.के. आश्रम मार्ग स्टेशन के काम की समीक्षा की

Shivani Jha | 18 Apr, 2026

Delhi Metro Phase-4: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को मेट्रो फेज-4 के तहत बन रहे आर.के. आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को गुणवत्ता, सुरक्षा और तय समय सीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।

मैजेंटा लाइन के बीच मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आर.के. आश्रम मार्ग स्टेशन को एक बड़े इंटरचेंज हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां दिल्ली मेट्रो ब्लू लाइन और दिल्ली मेट्रो मैजेंटा लाइन के बीच सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे यात्रियों को काफी सुविधा होगी। यह स्टेशन जनकपुरी वेस्ट से आर.के. आश्रम मार्ग तक बनने वाले 28.92 किलोमीटर लंबे लाइन-8 कॉरिडोर का अहम हिस्सा है।

कई हिस्सों पर चल रहा काम

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि फेज-4 के कुछ हिस्से पहले ही यात्रियों के लिए खोले जा चुके हैं, जबकि बाकी हिस्सों पर तेजी से काम चल रहा है। यह कॉरिडोर पश्चिम, उत्तर और मध्य दिल्ली के घनी आबादी वाले इलाकों से होकर गुजरेगा, जिससे यात्रा का समय कम होगा और सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव घटेगा। साथ ही प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।

बड़ी चुनौती के साथ पूरा

उन्होंने बताया कि इस परियोजना में करीब 7 किलोमीटर लंबी ट्विन टनल और छह अंडरग्राउंड स्टेशनों-डेरावल नगर, घंटाघर, पुलबंगश, सदर बाजार, नबी करीम और आर.के. आश्रम मार्ग-का निर्माण शामिल है। सीएम ने कहा कि सदर बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में भूमिगत स्टेशन बनाना और सक्रिय रेलवे लाइन व फ्लाईओवर के नीचे टनल बनाना एक बड़ी चुनौती थी, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया जा रहा है।

कड़े सुरक्षा के साथ चल रहा काम 

मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि कठिन भूगर्भीय परिस्थितियों के बावजूद अत्याधुनिक तकनीक और कड़े सुरक्षा मानकों के साथ काम किया जा रहा है, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि भविष्य में मैजेंटा लाइन को आर.के. आश्रम मार्ग से इंद्रलोक तक बढ़ाया जाएगा, जिससे सेंट्रल दिल्ली की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

कितनी होगी मैजेंटा लाइन की लंबाई 

इस विस्तार के पूरा होने के बाद मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई करीब 88.4 किलोमीटर हो जाएगी और इसमें 65 स्टेशन होंगे। यह लाइन दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की सबसे लंबी और आधुनिक ड्राइवरलेस लाइन बनेगी। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और निर्देश दिया कि काम में पारदर्शिता बनाए रखते हुए तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो शहर की जीवनरेखा है और सरकार का लक्ष्य है कि लोगों को सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक यात्रा मिल सके। 

Also read: महिला आरक्षण बिल पर विवाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात देश को करेंगे संबोधित