Haryana Weather: हरियाणा में गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग और चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार प्रदेश में 29 मई तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान दक्षिण-पश्चिमी गर्म हवा चलेगी, जिससे दिन के तापमान में और बढ़ोतरी होगी।
कई जिलों में हीटवेव से लेकर सीवियर हीटवेव की स्थिति बन सकती है। इस कारण दिन व रात दोनों तापमान सामान्य से अधिक बने रहेंगे। सीवियर हीटवेव (Severe Heatwave) मौसम की वह स्थिति है, जब किसी मैदानी इलाके में अधिकतम तापमान 47 डिग्री या उससे अधिक पहुंच जाता है या फिर सामान्य से सामान्य तापमान में 6.5 डिग्री से अधिक की भारी बढ़ोतरी दर्ज की जाती है।
सोमवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान सिरसा में 46.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रोहतक में 45.2 डिग्री, नारनौल में 44.2 डिग्री, भिवानी में 44 डिग्री और हिसार में 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।