Haryana News: हरियाणवी एक्ट्रेस और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दिव्यांका सिरोही के निधन की खबर ने हर किसी को हैरान कर दिया है। महज 29 साल की उम्र में उनका गाजियाबाद में निधन हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार उनकी मौत हार्ट अटैक से बताई जा रही है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि पूरी तरह नहीं हुई है। परिवार और करीबी लोगों के मुताबिक, मंगलवार रात दिव्यांका की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। बताया जा रहा है कि वह घर में गिर पड़ीं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार और फैंस में शोक की लहर है।
मानसिक तनाव में थी दिव्यांका
इस बीच कई करीबी सूत्रों ने दावा किया है कि दिव्यांका पिछले कुछ समय से मानसिक और आर्थिक तनाव से गुजर रही थीं। बताया जा रहा है कि उन्हें फिल्मों और म्यूजिक वीडियो में लगातार काम नहीं मिल रहा था, जिससे उनकी आय पर असर पड़ा था। एक करीबी ने यह भी बताया कि मौत से करीब 15–20 दिन पहले उन्होंने किसी परिचित से आर्थिक मदद की भी बात की थी। उनके साथ काम कर चुके हरियाणवी आर्टिस्ट बिंदा ने भी पुष्टि की कि दिव्यांका काम को लेकर परेशान रहती थीं और अपनी समस्याओं का जिक्र करती थीं।
19 मार्च को किया था आखिरी पोस्ट
दिव्यांका अपने परिवार के साथ गाजियाबाद में रह रही थीं और इससे पहले गुरुग्राम में भी रह चुकी थीं। उनके इंस्टाग्राम पर करीब 1.3 मिलियन फॉलोअर्स थे। उनकी आखिरी पोस्ट 19 मार्च की बताई जा रही है, जिसमें उन्होंने “राधे-राधे” कैप्शन लिखा था। सोशल मीडिया पर उनके कई पोस्ट वायरल हो रहे हैं, जिनमें एक पोस्ट केदारनाथ यात्रा से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने भावुक कैप्शन लिखा था-“शिवा मुझे अपने साथ ले जाओ।”
कई म्यूजिक वीडियो में कर चुकी थीं काम
दिव्यांका ने मॉडलिंग और एंटरटेनमेंट करियर की शुरुआत 2022 में हरियाणवी गाने “काला आला छोरा” से की थी। इसके बाद वह कई म्यूजिक वीडियो जैसे “दिन कॉलेज के”, “गोली मारगी”, “चांद” और “ऐप लॉक” में नजर आईं। उनके अचानक निधन से मनोरंजन जगत और फैंस में शोक का माहौल है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना कर रहे हैं।