Haryana New Chief Secretary: हरियाणा में मुख्य सचिव (CS) पद को लेकर ब्यूरोक्रेसी में हलचल तेज हो गई है, क्योंकि वर्तमान मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की एक्सटेंशन जून के अंत में समाप्त हो रही है। 1990 बैच के आईएएस अधिकारी रस्तोगी को राज्य सरकार की सिफारिश पर सेवा विस्तार मिला था, लेकिन अब उनके बाद नए मुख्य सचिव को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, हरियाणा कैडर में सीनियॉरिटी, वर्तमान जिम्मेदारियां, केंद्र-राज्य समन्वय और मुख्यमंत्री कार्यालय के भरोसे जैसे मानकों को देखते हुए करीब 10 वरिष्ठ आईएएस अधिकारी इस पद की दौड़ में शामिल माने जा रहे हैं। इनमें खास बात यह है कि 10 में से 9 अधिकारी अगले एक से दो वर्षों में रिटायर हो जाएंगे, जबकि केवल 1993 बैच के वी उमाशंकर के पास अपेक्षाकृत लंबा कार्यकाल बचा है।
वरिष्ठता के आधार पर सबसे मजबूत दावेदार
सबसे आगे 1990 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुधीर राजपाल को माना जा रहा है। वे वर्तमान में गृह, जेल और वन जैसे महत्वपूर्ण विभाग संभाल रहे हैं। उनकी वरिष्ठता और संवेदनशील विभागों में अनुभव उन्हें शीर्ष दावेदार बनाता है।
इसी बैच की सुमिता मिश्रा भी मजबूत दावेदारों में शामिल हैं, जो राजस्व, स्वास्थ्य और वित्त जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। उनके प्रशासनिक अनुभव और बहु-विभागीय पकड़ को उनकी ताकत माना जा रहा है।
एक अन्य 1990 बैच के अधिकारी राजा शेखर वुंदरू भी रेस में हैं, हालांकि उनका रिटायरमेंट जुलाई 2026 में होना उनके लिए चुनौती माना जा रहा है।
केंद्र और राज्य दोनों स्तर पर मजबूत नाम
1991 बैच के आईएएस अधिकारी अनिल मलिक फिलहाल केंद्र सरकार में सचिव स्तर पर कार्यरत हैं, जिससे उन्हें केंद्र-राज्य समन्वय के लिहाज से मजबूत उम्मीदवार माना जा रहा है। इसी बैच के अभिलक्ष लिखी और अपूर्व कुमार सिंह भी केंद्र व राज्य दोनों स्तर पर अनुभव के कारण चर्चा में हैं।
जी अनुपमा भी प्रशासनिक संतुलन और सामाजिक विभागों में अनुभव के कारण संभावित दावेदार मानी जा रही हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े नाम भी चर्चा में
1992 बैच के आईएएस अरुण कुमार गुप्ता का नाम भी प्रमुख दावेदारों में शामिल है। वे मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव और वित्त विभाग से जुड़े हैं, जिससे उन्हें सीएमओ का भरोसेमंद अधिकारी माना जाता है।
वहीं विनीत गर्ग का नाम भी सूची में है, लेकिन कुछ विवादों के कारण उनकी स्थिति कमजोर मानी जा रही है।
केंद्र में कार्यरत युवा चेहरा भी रेस में
1993 बैच के वी उमाशंकर वर्तमान में केंद्र सरकार में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में सचिव हैं। लंबा कार्यकाल और केंद्र में उनकी अहम भूमिका उन्हें इस दौड़ में एक अलग स्थिति देती है।