KhabarFast

Haryana Weather: हरियाणा में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Parth Jha | 29 May, 2026

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में जनजीवन भी प्रभावित हुआ।

प्रदेश के रेवाड़ी, सिरसा, हिसार, गुरुग्राम, नूंह, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी दादरी और फतेहाबाद समेत 9 जिलों में तेज हवाओं के साथ जमकर बारिश हुई। कई जगहों पर बड़े आकार के ओले भी गिरे। मौसम में आए बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में 3.4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए भी अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार हरियाणा के उत्तर-पूर्वी जिलों यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र और करनाल में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान आने की संभावना है। इन जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा मध्य और दक्षिण हरियाणा के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।