HARYANA NEWS: हरियाणा के शाहबाद में इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने मौजूदा हालात को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मंडी में मौजूद किसानों और आढ़तियों से बातचीत करते हुए कहा कि आज जो हालात बने हैं, ऐसे हालात 1976 के बाद पहली बार देखने को मिल रहे हैं।
अभय चौटाला ने आरोप लगाया कि सरकार ने जानबूझकर किसानों के सामने यह संकट खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीयत साफ नहीं है और वह धीरे-धीरे मंडी व्यवस्था को खत्म करना चाहती है। इसी मकसद से पहले तीन कृषि कानून लाए गए थे, जिनके खिलाफ देशभर के किसानों ने 13 महीने तक आंदोलन किया और आखिरकार केंद्र सरकार को झुकना पड़ा। उन्होंने कहा कि अब फिर से ऐसे फैसले लिए जा रहे हैं, जिनसे किसानों को उनकी फसल का सही दाम नहीं मिल पाएगा, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) कमजोर होगा और आढ़तियों की भूमिका भी खत्म करने की कोशिश की जा रही है।
सैनी सरकार पर अभय चौटाला ने लगाए गंभीर आरोप
चौटाला ने अपने संबोधन में सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि “इनकी नस-नस में भ्रष्टाचार बसा हुआ है।” साथ ही उन्होंने राजनीतिक विरोधियों पर पलटवार करते हुए कहा कि जो लोग इनेलो को भाजपा की ‘बी टीम’ बताते थे, अब उन्हें खुद समझ आ गया है कि असली ‘बी टीम’ कौन है।
उन्होंने कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे लगातार कहते आए हैं कि हुड्डा भाजपा से मिले हुए हैं। चौटाला ने यह भी आरोप लगाया कि मंडियों में किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन न तो कांग्रेस और न ही भाजपा का कोई सांसद उनकी सुध लेने पहुंचा। अंत में उन्होंने कहा कि अगर किसानों की असली लड़ाई कोई लड़ सकता है, तो वह इंडियन नेशनल लोकदल ही है।