KhabarFast

HARYANA NEWS: रोहतक में ट्रक का फटा टायर, लगी भीषण आग; CNG सिलेंडर ब्लास्ट की वजह से फर्नीचर शोरूम में भी आग

Parth Jha | 13 Mar, 2026

HARYANA NEWS: हरियाणा के रोहतक शहर दिल्ली रोड पर तिलियार लेक के सामने सड़क से गुजर रहे एक ट्रक का अचानक टायर फट गया, जिसके बाद ट्रक में लगे सीएनजी टैंक और डीजल टंकी में आग लग गई। आग की लपटें पास में स्थित एक फर्नीचर शोरूम तक पहुंच गईं, जिससे शोरूम में रखा सामान जलकर राख हो गया और भारी नुकसान हुआ।

यह घटना आज सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। हादसे के दौरान ट्रक का ड्राइवर और हेल्पर ट्रक से कूदकर मौके से फरार हो गए। आग की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब सात गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।ट्रक में आग लगने के कारण शोरूम में रखा फर्नीचर और अन्य सामान जलने लगा। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक शोरूम का काफी सामान जलकर राख हो चुका था।

घटनास्थल पर मौजूद यशपाल देशवाल ने बताया कि पहले ट्रक में आग लगी थी और ड्राइवर मौके से भाग गया। इसके बाद आग पास के शोरूम तक पहुंच गई। उनका कहना था कि यदि फायर ब्रिगेड समय रहते शोरूम की तरफ से आग बुझाने का प्रयास करती तो नुकसान कम हो सकता था।

ट्रक में हुए ब्लास्ट से लगी आग

शोरूम के मालिक नरेंद्र मलिक ने बताया कि करीब दो साल पहले उन्होंने तिलियार झील के सामने यह शोरूम बनाया था। सुबह उन्हें सूचना मिली कि ट्रक में हुए सीएनजी ब्लास्ट के कारण उनके शोरूम में आग लग गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी करीब आधे घंटे बाद पहुंची और दूर से ही आग बुझाने का प्रयास करती रही। इस घटना में शोरूम में रखा करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

बड़ा हादसा टला

इस घटना स्थल के सामने हरियाणा के पर्यटन विभाग का पेट्रोल पंप भी है। अगर आग पेट्रोल पंप की ओर बढ़ जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि आग उस दिशा में नहीं फैली।फायर ऑफिसर संजीव डागर ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे ट्रक में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हो गई। फायर विभाग की सात गाड़ियों ने मिलकर आग पर काबू पाया।