KhabarFast

HARYANA NEWS: पलवल में हुई मौतों पर हुआ बड़ा खुलासा, प्रशासन ने लोगों से की खास अपील

Parth Jha | 06 Mar, 2026

Palwal Newsहरियाणा के पलवल के गांव छांयसा में हुई मौतों के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ा खुलासा किया है। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने लघु सचिवालय में प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि एनसीडीसी तथा पुणे और चेन्नई की विशेषज्ञ टीम की रिपोर्ट के आधार पर सामने आया है कि 13 मरीजों में से 8मरीजों की मौत का कारण एनर्जी ड्रिंक का सेवन और झोलाछाप डॉक्टरों से उपचार करवाना रहा है।

उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से मामले में कार्रवाई करते हुए पांच झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। साथ ही संदिग्ध एनर्जी ड्रिंक की जांच भी करवाई जा रही है और पूरे मामले की लगातार निगरानी की जा रही है।उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से किए गए बचाव कार्यों के चलते गांव छांयसा में फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार गांव में सक्रिय हैं और लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर रही हैं।

प्रशासन ने लोगों से की अपील

उपायुक्त ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य शिविर या नजदीकी सरकारी अस्पताल में जांच करवाएं, ताकि समय पर इलाज संभव हो सके और बीमारी के फैलाव को रोका जा सके।उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा एनर्जी ड्रिंक और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ जांच अभियान चलाया जा रहा है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। गांव में स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को भी सुनिश्चित किया गया है।
झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज न करवाएं- स्वास्थ्य विभाग

स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए कैंप में हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी, एचआईवी और लिवर फंक्शन सहित कई जरूरी टेस्ट किए जा रहे हैं। आवश्यकता पड़ने पर लोग सरकारी हेल्पलाइन नंबर 01275-240022पर भी संपर्क कर सकते हैं।उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि वे झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज न करवाएं और केवल पंजीकृत व योग्य डॉक्टरों से ही उपचार लें, ताकि किसी भी प्रकार के खतरे से बचा जा सके।