KhabarFast

HARYANA NEWS: हरियाणा के नरवाना में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हनीट्रैप रैकेट का पर्दाफाश, 3 महिलाएं गिरफ्तार

Parth Jha | 21 May, 2026

HARYANA NEWS: हरियाणा के नरवाना में पुलिस ने हनीट्रैप के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी महिला सहित तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिलाओं ने एक युवक पर रेप का झूठा मुकदमा दर्ज करवा रखा था और अब राजीनामे के नाम पर 6 लाख रुपये की डिमांड कर रही थीं। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जाल बिछाया और 3 लाख रुपये लेते हुए तीनों महिलाओं को मौके पर ही काबू कर लिया। पुलिस अधीक्षक जींद कुलदीप सिंह के दिशा-निर्देशन और डीएसपी नरवाना कमलदीप राणा के नेतृत्व में सीआईए स्टाफ नरवाना, थाना गढ़ी और चौकी धमतान साहिब की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

डीएसपी कमलदीप राणा ने प्रेसवार्ता के माध्यम से जानकारी के देते हुए कहा कि धमतान साहिब निवासी मलकियत ने पुलिस को शिकायत दी थी कि कुचराना गांव की एक महिला, जो उसके भतीजे की डेयरी पर काम करती थी, ने उसके भतीजे नरेश के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज करवा रखा है। आरोप है कि महिला अपनी अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर राजीनामे के नाम पर 6 लाख रुपये की मांग कर रही थी और पहले ही करीब ढाई लाख रुपये ले चुकी थी।

तीन महिलाएं नकदी के साथ गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संयुक्त टीम का गठन किया और 3 लाख रुपये के नोटों के सीरियल नंबर नोट कर शिकायतकर्ता को दिए गए। आरोपित महिलाओं ने शिकायतकर्ता को जमींदारा ढाबा के पास बुलाया। जैसे ही महिलाओं ने रुपये लिए, पुलिस टीम ने मौके पर रेड कर दी और तीनों महिलाओं को नकदी सहित गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने महिलाओं को लिया रिमांड पर

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सोनिया निवासी कुचराना, संगीता निवासी दशमेश कॉलोनी यमुनानगर और सीमा निवासी कंसोपुर कॉलोनी यमुनानगर के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ थाना गढ़ी में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपित महिलाओं को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि मामले में और खुलासे किए जा सकें।