KhabarFast

Haryana News: कुरुक्षेत्र में दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से डेढ़ साल के मासूम की मौत

Parth Jha | 18 May, 2026

Kurukshetra Road Accident: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के गांव रतगल में एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ साल के मासूम बच्चे की ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान डेढ़ वर्षीय प्रशांत पुत्र विजयपाल व माता सीमा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चा घर के बाहर खेल रहा था, तभी अचानक ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार गांव में पूर्व सरपंच के घर मिट्टी डालने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है। बताया जा रहा है कि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो सकती है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हादसे के बाद जब वे सीसीटीवी फुटेज देखने पूर्व सरपंच के घर पहुंचे तो उन्हें वहां से भगा दिया गया। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व सरपंच ने ट्रैक्टर चालक को मौके से भगा दिया। इतना ही नहीं, पीड़ित परिवार ने मारपीट किए जाने का आरोप भी लगाया है।

डेढ़ साल के बच्चे की मौत

मामला सेक्टर-7 पुलिस चौकी के अंतर्गत गांव रतगल का है। जांच अधिकारी परवीन कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव रतगल में ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से डेढ़ साल के बच्चे की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

परिवार ने लगाई इंसाफ की गुहार  

परिवार ने प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार दिहाड़ी मजदूरी कर अपना गुजर-बसर करता है। मासूम प्रशांत अपने दो बड़े भाई-बहनों में सबसे छोटा था।