KhabarFast

Haryana: हरियाणा में HSVP कर्मचारी रिश्वत लेते गिरफ्तार, वीटा बूथ की परमिशन के बदले मांगे थे 60 हजार रुपए

Parth Jha | 29 May, 2026

Haryana News: हरियाणा के कैथल में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) कार्यालय में तैनात एक कर्मचारी को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है। कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट गुरविंदर सिंह की मौजूदगी में की गई।

जानकारी के अनुसार, चीका निवासी तिलक राम ने एसीबी को शिकायत दी थी कि वह वीटा बूथ की परमिशन लेना चाहता था। आरोप है कि HSVP कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी संजय कुमार ने परमिशन दिलाने के बदले 60 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। बाद में दोनों के बीच 50 हजार रुपए में सौदा तय हुआ।

रिकॉर्डिंग के बाद एसीबी ने बिछाया जाल

शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी विजिलेंस के सहयोगी रविंद्र जंगी को दी, जिसके बाद एसीबी ने शिकायत की जांच शुरू की। जांच के दौरान शिकायतकर्ता और आरोपी के बीच हुई बातचीत की कई बार रिकॉर्डिंग करवाई गई। रिकॉर्डिंग में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर एसीबी ने ट्रैप लगाने की योजना तैयार की।

रिश्वत लेते ही दबोचा गया आरोपी

योजना के तहत शिकायतकर्ता को 50 हजार रुपए देकर HSVP कार्यालय भेजा गया। जैसे ही आरोपी संजय कुमार ने रिश्वत की रकम ली, पहले से निगरानी कर रही एसीबी फतेहाबाद की टीम ने कार्यालय में छापा मारकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं सिंचाई विभाग के कार्यकारी अधिकारी गुरविंदर सिंह मौके पर मौजूद रहे। टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।