हरियाणा के यमुनानगर में शुक्रवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मक्का से लदा एक ट्रक चढ़ाई के दौरान अनियंत्रित होकर दो बाइकों पर पलट गया, जिससे एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का अस्पताल की क्रिटिकल केयर यूनिट में इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, परिवार के पांच लोग दो बाइकों पर सवार होकर रेणुकाजी जा रहे थे। हादसा लालढांग ढलान के पास हुआ, जहां सामने से आ रहा ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा और बाइक सवारों पर पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा कुछ ही सेकेंड में हो गया। ट्रक के नीचे दबने से मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों और शवों को बाहर निकाला।