KhabarFast

HARYANA NEWS: 29 दिसंबर से लापता हुए झज्जर के छात्र का रोहतक में मिला शव, मामा शिक्षक ही निकला हत्यारा

Parth Jha | 19 Feb, 2026

HARYANA NEWS: हरियाणा के झज्जर जिले से लापता हुए छात्र यशु का शव रोहतक में मिलने से सनसनी फैल गई। 29 दिसंबर को लापता हुए छात्र की हत्या उसके ही मामा ने की थी,जो पेशे से शिक्षक बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले छात्र को बंधक बनाया और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को रोहतक के आईएमटी थाना क्षेत्र में एक गड्ढा खोदकर दबा दिया गया। मृतक छात्र नेहरू कॉलेज से लापता हुआ था,जिसके बाद परिजनों ने झज्जर सदर थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। मामले की जांच झज्जर सीआईए पुलिस ने गंभीरता से शुरू की।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी मामा लगातार परिवार के संपर्क में था और भांजे की तलाश का नाटक कर रहा था। वह कई बार अपनी बहन के घर भी पहुंचा ताकि किसी को उस पर शक न हो। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी ने दो बार अपनी बहन के फोन पर धमकी भरे संदेश भेजे थे। पुलिस ने मोबाइल फोन की लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। सख्ती से पूछताछ के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

जांच में जुटी पुलिस 

प्रदीप नैन,एसीपी क्राइम झज्जर ने बताया कि रिमांड के दौरान हत्या के पीछे के कारणों का और खुलासा हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।