KhabarFast

Haryana: हरियाणा में आयुष्मान अधिकारी को किया गया सस्पेंड, जानें क्या है वजह?

Parth Jha | 29 May, 2026

Haryana News: हरियाणा के भिवानी में पंचायत भवन में आयोजित ग्रीवेंस कमेटी की बैठक के दौरान बड़ा प्रशासनिक एक्शन देखने को मिला। हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मंत्री राजेश नागर ने बैठक के दौरान ही सिविल अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना से जुड़े मामलों की देखरेख करने वाले अधिकारी विनोद को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के आदेश दिए।

मंत्री ने यह कार्रवाई उस शिकायत के आधार पर की, जिसमें आरोप लगाया गया था कि आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद मरीजों से निजी अस्पतालों में फीस वसूली जा रही थी, और इस मामले में संबंधित अधिकारी द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई।

बैठक के दौरान मंत्री राजेश नागर ने कुल 14 परिवादों की सुनवाई की, जिनमें 7 पुराने और 7 नए मामले शामिल थे। इन शिकायतों की समीक्षा के दौरान कई विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश जारी किए गए।

नगराधीश अनिल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे और लंबित मामलों के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से डीसी साहिल गुप्ता द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को पहले ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके थे।