KhabarFast

Gurugram School: गुरुग्राम के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, डॉग स्क्वायड और पुलिस जांच में जुटी

Parth Jha | 10 Mar, 2026

Bomb Threat To School: दिल्ली से सटे गुरुग्राम के स्कलों को एक बार फिर से धमकी दी गई है। स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह धमकी ई-मेल के जरिए दी गई। जिसमें स्कूल के अंदर बम लगाए जाने की चेतावनी दी गई है।

दरअसल, मंगलवार की सुबह स्कूल खुलते ही कई बड़े स्कूलों को एक साथ धमकी भरा मैसेज मिला। बताया जा रहा है कि शहर के डीएवी स्कूल समेत अन्य कई प्रतिष्ठित स्कूलों को यह धमकी भरे मेल भेजे गए हैं।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

ईमेल मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस, डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ते की टीमें स्कूल परिसर की जांच कर रही है। हालांकि, अभी किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि ये मेल फर्जी हो सकते हैं। आशंका है कि यह मेल के जरिए डराने की साजिश हो सकती है। ईमेल की जानकारी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने सभी अभिभावकों को इसकी जानकारी दी है। अभिभावक स्कूल पहुंचे और अपने बच्चे को लेकर चले गए। वहीं, बसों से भी कई बच्चों को घर भेज दिया गया है। 

पहले भी दी गई धमकी

बता दें कि इससे पहले भी शहर में तीन से चार बार पिछले एक डेढ़ साल में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल आ चुके हैं। अभी कुछ दिन पहले ही गुरुग्राम समेत एनसीआर के कई स्कूलों को भी इसी तरह की धमकी दी गई थी। उस दौरान जांच में पता चला था कि अमेरिका से किसी संगठन ने मेल भेजा था। मंगलवार यानी 10 मार्च को भेजे गए मेल में खालिस्तान समर्थकों का नाम लिखा हुआ था।