KhabarFast

गाजियाबाद के झुग्गियों में भीषण आग, कई झोपड़ियां जलकर खाक, इलाके में अफरा-तफरी

Shivani Jha | 16 Apr, 2026

Ghaziabad Slum Fire: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम के कनावनी इलाके में बुधवार को भीषण आग लग गई। आग झुग्गी बस्ती में अचानक लगी और कुछ ही मिनटों में तेजी से फैलकर कई झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि आसमान में घना काला धुआं छा गया। दूर-दूर तक उठती लपटों को देखकर लोग घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं 

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इसके बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। फायर कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि आग और आगे न फैल सके। दमकल विभाग के अनुसार, झुग्गियों में लगी आग बहुत तेजी से फैली है, इसलिए इसे नियंत्रित करने में समय लग रहा है। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीमें पूरी तरह से तैनात हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

क्या है आग लगने की वजह? 

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार कई झुग्गियां पूरी तरह जलकर राख हो चुकी हैं। इससे पहले लखनऊ में भी इसी तरह की बड़ी आग की घटना सामने आई थी, जहां विकास नगर इलाके में सैकड़ों झुग्गियां आग की चपेट में आ गई थीं। वहां आग इतनी भयावह थी कि कई किलोमीटर दूर तक उसकी लपटें दिखाई दे रही थीं। उस घटना में भारी नुकसान हुआ था और कई जानवरों की भी मौत हुई थी।

गाजियाबाद की इस घटना ने एक बार फिर झुग्गी बस्तियों में सुरक्षा व्यवस्था और आग से बचाव के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन अब राहत कार्यों के साथ-साथ कारणों की जांच में भी जुट गया है।