Gang War News: अमेरिका में भारतीय गैंगस्टरों की गतिविधियां लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। हाल के दिनों में वहां गैंगवार और हत्याओं की घटनाएं सामने आ रही हैं। अब एक नया मामला कैलिफोर्निया से सामने आया है, जहां काका राणा नाम के शख्स की हत्या का दावा किया गया है। ये दावा रोहित गोदारा गैंग की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट के माध्यम किया गया। ये पोस्ट अरविंद गिल्ली राणा नाम की आईडी से शेयर की गई है। हालांकि, इस पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पोस्ट में लगाया गया आरोप
इस पोस्ट में लिखा गया है कि कैलिफोर्निया के बेकरसफील्ड इलाके में काका राणा की हत्या करवाई गई है। पोस्ट करने वाले ने रोहित गोदारा को अपना बड़ा भाई बताया और दावा किया कि काका राणा, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शूटर था। सोशल मीडिया पोस्ट में काका राणा की हत्या की वजह भी बताई गई है। इसमें कहा गया है कि उसका लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ाव ही उसकी मौत का कारण बना। पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसे “गद्दार” और “मुखबिर” बताया गया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि वह राजनीतिक के लोगों के लिए काम करता है और दूसरों का इस्तेमाल करता है।
पोस्ट में दी गई धमकी
पोस्ट में आगे धमकी दी गई है कि जिस तरह उसके साथियों को मारा गया है, उसी तरह लॉरेंस बिश्नोई को भी निशाना बनाया जाएगा। इस तरह के बयान से साफ है कि दोनों गैंग्स के बीच दुश्मनी और बढ़ती जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने भी कैलिफोर्निया में गैंगस्टर भानु राणा की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। उस पोस्ट में कहा गया था कि भानु उनके दुश्मनों के लिए काम कर रहा था।
मामला हुआ गंभीर
वहीं, अब रोहित गोदारा गैंग की ओर से काका राणा की हत्या का दावा सामने आने के बाद यह मामला और गंभीर हो गया है। लगातार हो रही इन घटनाओं से यह साफ हो रहा है कि भारतीय गैंगस्टरों का नेटवर्क अब विदेशों तक फैल चुका है और वहां भी आपसी गैंगवार जारी है। फिलहाल, इन सभी दावों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है, लेकिन सोशल मीडिया पर चल रही इन खबरों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।