KhabarFast

अमृतसर में AAP नेता जयपाल सिंह बाऊ पर फायरिंग, इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

Shivani Jha | 28 May, 2026

Punjab Crime News: पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और वार्ड नंबर 42 के इंचार्ज जयपाल सिंह बाऊ पर दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना सामने आई है। अज्ञात हमलावरों ने उन पर सरेआम गोलियां चला दीं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में डर और दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल हालत में जयपाल सिंह बाऊ को अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है। हालांकि अभी तक उनकी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

क्या है हमले की वजह? 

बताया जा रहा है कि जयपाल सिंह बाऊ इलाके में आम आदमी पार्टी का सक्रिय चेहरा माने जाते हैं। उन्होंने हाल ही में नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर 42 से पार्टी उम्मीदवार के रूप में चुनाव भी लड़ा था। स्थानीय राजनीति में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हमले के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश जारी है।

इलाके में बढ़ी सुरक्षा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके की जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। इलाके में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना ने कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुलेआम हुई गोलीबारी से इलाके में भय का माहौल है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है। वहीं, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक अस्पताल पहुंचकर जयपाल सिंह बाऊ के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

Also read: Punjab News: गुरदासपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, 4 लोगों की दर्दनाक मौत