KhabarFast

चरखी दादरी में पुलिस-बदमाश के बीच मुठभेड़, टीचर हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार

Shivani Jha | 29 May, 2026

Haryana Crime News: चरखी दादरी में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई। इस एनकाउंटर में बौंद कलां टीचर ललित हत्याकांड के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत उर्फ बुच्चा और जितेंद्र उर्फ जीतू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की टीम को दोनों आरोपियों की लोकेशन की सूचना मिली थी। इसके बाद SI सतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। जब पुलिस ने आरोपियों को रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

बदमाशों ने की 4 राउंड फायरिंग

जानकारी के अनुसार, बदमाशों की तरफ से करीब 4 राउंड गोलियां चलाई गईं। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए 3 राउंड फायर किए। इस दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और पुलिस ने उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया। घायल आरोपियों को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए PGIMS रोहतक रेफर कर दिया गया।

2 देसी पिस्तौल हुए बरामद 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 देसी पिस्तौल और 4 खाली कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी टीचर ललित हत्याकांड के अलावा कलानौर में हुए जानलेवा हमले के मामले में भी वांछित थे। पूरी कार्रवाई को क्राइम ब्रांच की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

मुठभेड़ के बाद इलाके में बढ़ी सुरक्षा 

मामले को लेकर DSP कप्तान सिंह ने कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आगे की जांच में जुटी हुई है।

Also read: Haryana: हरियाणा में HSVP कर्मचारी रिश्वत लेते गिरफ्तार, वीटा बूथ की परमिशन के बदले मांगे थे 60 हजार रुपए