KhabarFast

Eid-ul-Fitr 2024: 10 अप्रैल को सऊदी अरब में मनाई जाएगी ईद, जानें भारत में कब दिखेगा ईद का चांद

Parth Jha | 09 Apr, 2024

Eid-ul-Fitr 2024: सऊदी अरब में ईद की तारीख का ऐलान हो गया है। 10 अप्रैल को सऊदी अरब में ईद का त्योहार मनाया जाएगा। 8 अप्रैल को सऊदी अरब में ईद का चांद नहीं दिखा जिसके बाद पूरी उम्मीद है कि 9 अप्रैल को ईद का चांद दिखाई देगा इसी को देखते हुए तारीख का ऐलान किया गया। ऐसे में अगर सऊदी अरब में ईद-उल-फितर 10 अप्रैल को है तो ऐसे में ये साफ हो गया कि भारत में ईद का त्योहार 11 अप्रैल को मनाया जाएगा। बता दें, भारत में सऊदी अरब के एक दिन बाद ईद का त्योहार मनाते हैं।

साल-दर साल बदलती है तारीख

ईद की सुबह मुस्लिम लोग नमाज अदा करते हैं फिर शीर खुरमा सहित अलग-अलग व्यंजनों के जरिए एक दूसरे का मुंह मीठा करते हैं। ये त्योहार भाईचारे का त्योहार माना जाता है। इस दिन लोग नमाज में शांति और सुख-समृद्धि की दुआ मांगते हैं। इस त्योहार को दुनियाभर में पूरे हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाता है। सबसे खास बात ये है कि ईद की तारीख हिजरी कैलेंडर के वजह से साल-दर-साल बदलती रहती है। ये कैलेंडर चंद्रमा पर आधारित होता है। जिसमें दिनों की गिनती चांद की घटती-बढ़ती चाल के अनुसार की जाती है।

कैसे हुई थी ईद की शुरूआत

मान्याताओं के अनुसार ईद उल फितर की शुरूआत जंग-ए-बद्र के बाद हुई थी। इस जंग में पैगंबर मुहम्मद साहब के नेतृत्व में मुसलमानों की युद्ध में जीत हुई थी। जिसकी खुशी जाहिर करने के लिए लोगों ने ईद का पर्व मनाया था।ईद के दिन लोग एक दूसरे के दिल में प्यार बढ़ाने और नफरत मिटाने के लिए एक दूसरे से गले मिलते हैं। ईद के दिन हर मुसलमान का फ़र्ज़ होता है कि वो दान दें।