Shefali Bagga Marriage Rumors: शेफाली बग्गा इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर ऐसी चर्चा चल रही है कि शेफाली जल्द ही मशहूर यूट्यूबर अभिषेक मल्हन उर्फ फुकरा इंसान से शादी कर सकती हैं। हालांकि दोनों में से किसी ने भी अब तक इन खबरों की पुष्टि नहीं की है। पिछले कुछ समय से शेफाली और अभिषेक लगातार साथ में रील्स और वीडियो शेयर कर रहे हैं। इन वीडियोज में दोनों की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। इसी वजह से फैंस दोनों के रिश्ते को लेकर कई तरह के कयास लगा रहे हैं।
रील हुई वायरल
हाल ही में दोनों की एक रील काफी वायरल हुई, जिसमें अभिषेक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जर्सी पहनकर टीम को सपोर्ट करते नजर आए। इसके बाद शेफाली भी उसी टीम की जर्सी में आती हैं और अभिषेक के कंधे पर सिर रखकर मैच एंजॉय करती दिखाई देती हैं। वीडियो के कैप्शन में लिखा था, “जब आपको एहसास हो कि कुंडली मैच कराने की जरूरत नहीं पड़ी।”
इसके अलावा दोनों ने “शीशा” गाने पर भी एक रील बनाई थी, जिसे फैंस ने काफी पसंद किया। हाल ही में अभिषेक मल्हान ने अपने नए इटेलियन बियर्ड लुक की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर कीं। लगातार साथ दिखने और रोमांटिक अंदाज वाली रील्स के बाद फैंस यह मानने लगे हैं कि दोनों के बीच कुछ खास चल रहा है।
युजवेंद्र चहल के साथ भी जुड़ चुका नाम
हालांकि अब तक ना तो शेफाली बग्गा और ना ही अभिषेक मल्हान ने अपने रिश्ते या शादी को लेकर कोई आधिकारिक बयान दिया है। इसलिए फिलहाल इन खबरों को केवल सोशल मीडिया चर्चाएं ही माना जा रहा है। यह पहली बार नहीं है जब शेफाली का नाम किसी के साथ जोड़ा गया हो। इससे पहले उनका नाम भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल के साथ भी जुड़ चुका है। लेकिन उस समय शेफाली ने साफ कहा था कि वह किसी क्रिकेटर को डेट नहीं कर रहीं।
एक इंटरव्यू में उन्होंने फर्जी खबरें फैलाने वालों की आलोचना करते हुए कहा था कि उनका और चहल का रिश्ता सिर्फ दोस्ती तक सीमित है। फिलहाल फैंस अब शेफाली और अभिषेक की तरफ से किसी आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।