KhabarFast

योगी सरकार के मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चा तेज, SP के बागी विधायकों को मिल सकता है तोहफा

Sachin Kumar | 12 Apr, 2026

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर योगी सरकार के मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चा तेज हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तर प्रदेश ऑब्जर्वर विनोद तावड़े रविवार को लखनऊ पहुंचे और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के साथ बैठक की है। 

पिछले काफी दिनों से योगी मंत्रिमंडल के विस्तार की अटकलें लगाई जा रही हैं। योगी आदित्यनाथ 2022 में मुख्यमंत्री बने थे। मार्च 2024 में पहला मंत्रिमंडल विस्तार हुआ था। उत्तर में विधायकों की संख्या के हिसाब से 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं। लोकसभा चुनाव के बाद कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद और राज्यमंत्री अनूप प्रधान लोकसभा सांसद बन गए हैं। 

अधिकतम 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं 

दरअसल, उत्तर प्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री, दो उप-मुख्यमंत्री समेत अभी मंत्रिमंडल में 54 सदस्य हैं। इनमें 21 कैबिनेट, 14 स्वतंत्र प्रभार और 19 राज्यमंत्री हैं। इस तरह से देखा जाए तो 6 मंत्री और बनाए जा सकते हैं। 2024 में हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान 7 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की थी। बताया जा रहा है कि इनमें से 2 को मंत्री बनाया जा सकता है। मंत्रियों के साथ-साथ प्रदेश में लगभग तीन दर्जन आयोग, निगम और बोर्ड्स के पद खाली हैं। 

संगठन में भी बदलाव संभव                                                                    

उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। चुनाव से पहले भाजपा और सरकार में सब दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। शनिवार यानी 11 अप्रैल लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। जिसके बाद मंत्रिमंडल और संगठन में विस्तार की चर्चा तेज हो गई थी। आज की बैठक के बाद कयासों का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, अब ये देखने वाली बात होगी की अगर मंत्रिमंडल का विस्तार होता है, तो किनको-किनको मौका मिलता है।