Delhi News: दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक युवक की सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। कंझावला थाना क्षेत्र सावदा कॉलोनी में चोरी के शक में एक युवक को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टमा के लिए भेज दिया। साथ ही इस घटना की जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक के हाथ-पैर बांधकर कई लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 25 वर्षीय कर्ण के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कर्ण पेंटिंग का काम करता था और उसी से अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
जांच में जुटी पुलिस
परिजनों का आरोप है कि कर्ण पर चोरी का शक जताते हुए कुछ लोगों ने उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में करीब आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।