KhabarFast

दिल्ली पुलिस ने पकड़ा बड़ा साइबर ठग, डेटिंग ऐप्स से 500 से ज्यादा महिलाओं को बनाया शिकार

Shivani Jha | 16 Apr, 2026

Romance Scams in Delhi: दिल्ली में साइबर क्राइम से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल (साउथ-वेस्ट जिला) ने एक 35 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिस पर देशभर में ऑनलाइन ठगी का बड़ा नेटवर्क चलाने का आरोप है। यह कार्रवाई 16 अप्रैल 2026 को की गई। आरोपी का नाम आनंद कुमार बताया गया है, जो पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, वह डेटिंग ऐप्स और फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल के जरिए महिलाओं को निशाना बनाता था और खुद को कभी डॉक्टर, कभी वकील, कभी बिजनेस मैन और कभी फिल्म प्रोड्यूसर बताकर लोगों को धोखा देता था।

500 से ज्यादा महिलाओं को बनाया शिकार 

जांच में सामने आया है कि आरोपी ने देशभर में 500 से ज्यादा महिलाओं को ठगा और लगभग 2 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। हर पीड़िता से औसतन 40 हजार रुपये की ठगी की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले डेटिंग ऐप्स पर महिलाओं से संपर्क करता था और धीरे-धीरे भरोसा जीतकर बातचीत इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप पर ले जाता था। इसके बाद वह शादी का झांसा देता और भावनात्मक संबंध बनाता था।

आरोपी बनाता था अलग-अलग बहाने

विश्वास जमने के बाद वह कभी मेडिकल इमरजेंसी, कभी बिजनेस नुकसान या किसी अन्य बहाने से पैसे मांगता था। कई मामलों में वह पीड़ितों की निजी तस्वीरें और वीडियो लेकर उन्हें धमकाने और ब्लैकमेल करने का भी काम करता था। इस मामले की शुरुआत तब हुई जब एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि एक फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल ने उससे 7 लाख रुपये ठग लिए। जांच के बाद पुलिस को पता चला कि यह एक बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क का हिस्सा है।

पुलिस ने कैसे किया आरोपी को गिरफ्तार

तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजेक्शन और IP एड्रेस ट्रेस करते हुए आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया। उसके पास से 4 स्मार्टफोन, 8 सिम कार्ड, 3 डेबिट कार्ड और सोने के गहने बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी इसी तरह के साइबर फ्रॉड मामलों में शामिल रह चुका है। फिलहाल मामले की आगे जांच जारी है।

Also read: 8वें वेतन आयोग के लिए बड़ा प्रस्ताव, न्यूनतम सैलरी 69,000 रुपये करने की मांग