KhabarFast

DELHI NEWS: सोनिया विहार में बड़ा हादसा: गड्ढे में काम कर रहे मजदूर पर गिरी मिट्टी, दबने से मौत

Parth Jha | 07 Mar, 2026

DELHI NEWS: राजधानी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में सीवर लाइन निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गहरे गड्ढे में काम कर रहे 25 वर्षीय मजदूर अफजल अचानक मिट्टी धंसने से उसमें दब गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने ठेकेदार और विभाग की लापरवाही का आरोप लगाया है।

दरअसल यह दर्दनाक हादसा उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार के तीसरे पुस्ते पर उस समय हुआ जब यहां सीवर लाइन डालने का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 3बजे 25वर्षीय मजदूर अफजल गहरे गड्ढे में उतरकर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक गड्ढे की मिट्टी धंस गई और देखते ही देखते भारी मात्रा में मिट्टी उसके ऊपर आ गिरी। मजदूर गड्ढे में ही दब गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

लोगों ने प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि काम के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। न तो गड्ढे के किनारों को मजबूत किया गया था और न ही मजदूरों के लिए कोई सुरक्षा व्यवस्था थी। बताया जा रहा है कि यह काम ठेकेदार अजब सिंह के जरिए कराया जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और ठेकेदारी व्यवस्था व संबंधित विभाग की लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।