Delhi Firing: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका गूंज उठा। बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार व्यक्ति अचानक बाहर निकला और पास खड़े एक छोटे हाथी वाहन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी की इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सुबह होने पर घटना की सूचना दिल्ली पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। वहीं पीड़ित सौरभ इस घटना के बाद पूरी तरह सहमा हुआ है और न्याय की गुहार लगा रहा है। आखिर इस फायरिंग के पीछे क्या वजह रही और आरोपी कब तक पुलिस की गिरफ्त में आएंगे, ये अब जांच का विषय है।
जाफराबाद इलाके में देर रात अचानक गोलियों की आवाज से लोगों की नींद टूट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक स्कॉर्पियो गाड़ी मौके पर आकर रुकी, जिसमें से एक व्यक्ति नीचे उतरा और अपने पास मौजूद पिस्टल से छोटे हाथी वाहन पर लगातार गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग डर के कारण अपने घरों से बाहर निकलने से भी बचते रहे। सुबह होते ही मामले की सूचना दिल्ली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू कर दी।
दहशत में पीड़ित परिवार
पीड़ित सौरभ का कहना है कि इस घटना के बाद वह और उसका परिवार बेहद दहशत में है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर फायरिंग के पीछे की वजह क्या थी और आरोपी कौन है।