Gurugram Real Estate: गुरुग्राम के रियल एस्टेट सेक्टर से बड़ी खबर सामने आई है। क्रिसुमी कॉरपोरेशन लिमिटेड ने अपनी लग्जरी आवासीय परियोजना ‘क्रिसुमी सिटी’ में अगले 6 से 7 वर्षों में लगभग 4500 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करने की घोषणा की है। यह प्रोजेक्ट गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे के पास 33.5 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। यह एक संयुक्त उद्यम है, जिसमें कृष्णा ग्रुप और जापान की सुमितोमो कॉरपोरेशन शामिल हैं। कंपनी ने 2019 से अब तक इस प्रोजेक्ट में लगभग 2500 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
प्रोजेक्ट की मांग और कीमत में आई वृद्धि
क्रिसुमी सिटी में कुल 2,772 आवासीय इकाइयां (रेजिडेंशियल यूनिट्स) बनाई जा रही हैं। कंपनी के अनुसार, इस प्रोजेक्ट को “मिनी जापानी शहर” के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें जापानी डिजाइन, आधुनिक सुविधाएं और उच्च गुणवत्ता वाले निर्माण मानक शामिल हैं। कंपनी के चेयरमैन अशोक कपूर ने बताया कि इस प्रोजेक्ट की शुरुआत 8,500 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से हुई थी, जो अब बढ़कर लगभग 24,000 रुपये प्रति वर्ग फुट तक पहुंच गई है। इससे प्रोजेक्ट की मांग और कीमत दोनों में बड़ी वृद्धि देखने को मिली है।
द फॉरेस्ट रिजर्व होगा लॉन्च
अब कंपनी इस प्रोजेक्ट के पांचवें और छठे चरण ‘द फॉरेस्ट रिजर्व’ को लॉन्च करने जा रही है। इसमें करीब 550 नई आवासीय इकाइयां होंगी, जिससे लगभग 4000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होने की उम्मीद है। कंपनी के सह-सीईओ और निदेशक युजी कातो ने कहा कि ये प्रोजेक्ट भारत और जापान के सहयोग का एक मजबूत उदाहरण है। इसमें विश्वस्तरीय डिजाइन, बेहतर कंस्ट्रक्शन मैनेजमेंट और आधुनिक जीवन शैली का मिश्रण देखने को मिलता है।
कब पूरा होगा प्रोजेक्ट?
रिपोर्ट के अनुसार, इस परियोजना में पहले चरणों की डिलीवरी भी शुरू हो चुकी है और करीब 120 परिवार यहां रह रहे हैं। इनमें लगभग 25 प्रतिशत जापानी नागरिक शामिल हैं। पूरी परियोजना को 2032 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कुल मिलाकर इस प्रोजेक्ट में निवेश 6000 से 7000 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। इस बड़े निवेश से गुरुग्राम के रियल एस्टेट बाजार में नई रफ्तार आने की उम्मीद जताई जा रही है।