Bihar Bus Fare Increase: बिहार में बस यात्रियों को अब सफर के लिए अधिक पैसे खर्च करने होंगे। राज्य सरकार ने बसों के किराये में 10 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी है। परिवहन विभाग ने नई किराया दरों की अधिसूचना जारी कर दी है। बढ़ा हुआ किराया 1 जून से पूरे राज्य में लागू होगा। नई व्यवस्था के अनुसार, 50 किलोमीटर तक की दूरी पर किराये में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। वहीं 100 किलोमीटर तक 14 प्रतिशत, 150 किलोमीटर तक 13 प्रतिशत, 200 किलोमीटर तक 12 प्रतिशत, 250 किलोमीटर तक 11 प्रतिशत और 300 किलोमीटर से अधिक दूरी की यात्रा पर 10 प्रतिशत किराया बढ़ाया गया है।
कितना देना होगा किराया?
साधारण बस सेवा में अब 50 किलोमीटर तक यात्रा करने पर यात्रियों को प्रति किलोमीटर 1.73 रुपये किराया देना होगा। पहले यह दर 1.50 रुपये प्रति किलोमीटर थी। इसी तरह 100 किलोमीटर तक के लिए 1.71 रुपये, 200 किलोमीटर तक 1.68 रुपये और 300 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 1.65 रुपये प्रति किलोमीटर किराया तय किया गया है।
इन बसों का भी बढ़ किराया
डीलक्स, डीलक्स एसी और वॉल्वो बसों के किराये में भी बढ़ोतरी की गई है। डीलक्स बस में 50 किलोमीटर तक प्रति किलोमीटर 1.96 रुपये, 100 किलोमीटर तक 1.92 रुपये और 200 किलोमीटर तक 1.89 रुपये किराया देना होगा। डीलक्स एसी बसों में 50 किलोमीटर तक 2.30 रुपये, 100 किलोमीटर तक 2.28 रुपये और 200 किलोमीटर तक 2.24 रुपये प्रति किलोमीटर किराया निर्धारित किया गया है। वहीं वॉल्वो बसों में 50 किलोमीटर तक 2.88 रुपये, 100 किलोमीटर तक 2.85 रुपये, 200 किलोमीटर तक 2.80 रुपये और 300 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 2.75 रुपये प्रति किलोमीटर किराया लिया जाएगा।
परिवहन विभाग ने दिए निर्देश
शहरी क्षेत्रों में चलने वाली नगरीय बस सेवाओं के किराये में भी वृद्धि की गई है। अब पहले चार किलोमीटर के लिए 1.84 रुपये प्रति किलोमीटर और उसके बाद प्रत्येक दो किलोमीटर के लिए 1.73 रुपये प्रति किलोमीटर किराया देना होगा। परिवहन विभाग ने सभी बस संचालकों को नई किराया सूची बसों और बस स्टैंडों पर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया है। विभाग के अनुसार डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। यात्रियों पर इसका सीधा असर पड़ेगा और उन्हें अब पहले की तुलना में अधिक किराया चुकाना होगा।