देश के दो बड़े राज्यों पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में आज मतदान को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दोनों राज्यों में सुबह से ही वोटिंग शुरू हो गई और बड़ी संख्या में लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचे। पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत 152 सीटों पर वोटिंग हो रही है, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। यहां करीब 44,000 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 3.6 करोड़ मतदाता वोट डाल रहे हैं। इनमें करीब 1 करोड़ 75 लाख से अधिक महिला मतदाता शामिल हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और सभी बूथों को संवेदनशील माना गया है। इनमें से करीब 8,500 बूथ अति संवेदनशील हैं, जबकि 1,500 बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पश्चिम बंगाल में दो दलों के बीच हुआ महा मुकाबला
राज्य में मुख्य मुकाबला ममता बनर्जी की टीएमसी और बीजेपी के बीच माना जा रहा है, जबकि कांग्रेस भी अपनी पूरी ताकत के साथ मैदान में है। कई दिग्गज नेताओं की किस्मत आज दांव पर लगी है, जिनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल और अधीर रंजन चौधरी जैसे नाम शामिल हैं। नंदीग्राम और भवानीपुर सीट पर भी खास नजर बनी हुई है।
तमिलनाडु में दिखी लंबी कतारें
वहीं, तमिलनाडु में भी मतदान को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखा गया। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग में लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह 9 बजे तक 17.69 प्रतिशत मतदान हुआ, जो 11 बजे तक बढ़कर 37.56 प्रतिशत और दोपहर 1 बजे तक 56.81 प्रतिशत हो गया। शाम 5 बजे तक यहां कुल 82.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। तमिलनाडु में कुल 5.73 करोड़ से अधिक मतदाता 4,023 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं। यहां मुकाबला द्रविड़ मुनेत्र कषगम और अन्नाद्रमुक के बीच है। मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने राज्य को विकास के नए स्तर पर ले जाने का वादा किया है, जबकि ई. के. पलानीस्वामी ने मतदाताओं से सोच-समझकर वोट करने की अपील की है।
फिल्मी सितारों ने दिया मतदान
इस दौरान कई फिल्मी सितारे और खिलाड़ी भी मतदान करते नजर आए। रजनीकांत, कमल हासन और आर. अश्विन समेत कई नामी हस्तियों ने वोट डालकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। चुनाव आयोग के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में शाम 5 बजे तक 89.93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोनों राज्यों में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।