KhabarFast

रिश्तों का हुआ खून...भाभी से प्रेम प्रसंग में छोटे भाई की हत्या, बड़ा भाई फरार

Shivani Jha | 18 Apr, 2026

Bihar Crime: बिहार की राजधानी पटना के खुसरूपुर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। लोदीपुर दनियालपुर गांव में भाभी से कथित प्रेम प्रसंग के चलते बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात यह वारदात हुई जब बड़े भाई शत्रुघ्न रविदास और छोटे भाई शैलेश रविदास के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद इतना बढ़ा कि नशे की हालत में शत्रुघ्न ने शैलेश पर छुरे से कई वार कर दिए। हमले में शैलेश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके पेट की आंत तक बाहर आ गई।

इलाज के दौरान हुई मौत

परिजन आनन-फानन में घायल शैलेश को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की उम्र 19 वर्ष बताई जा रही है। वह सजिंद्र रविदास का पुत्र था। पुलिस के अनुसार, यह विवाद कथित तौर पर भाभी से चल रहे प्रेम प्रसंग को लेकर हुआ। बताया जाता है कि कुछ समय पहले शैलेश अपनी भाभी को लेकर घर से भाग गया था और बाद में दिल्ली में मजदूरी करने लगा। वह हाल ही में गांव में एक शादी में शामिल होने के लिए लौटा था।

पुरानी बातों को लेकर हुआ झगड़ा

इसी दौरान गुरुवार रात दोनों भाइयों के बीच पुरानी बातों को लेकर झगड़ा हुआ, जो हिंसक रूप ले लिया। हमला करने के बाद आरोपी बड़ा भाई मौके से फरार हो गया। खुसरूपुर थाना अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह मामला पारिवारिक विवाद और अवैध संबंधों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस कर रही पूछताछ

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मृतक की भाभी से भी पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की गहराई से जांच जारी है। 

Also read: बिहार सरकार में हुआ मंत्रिमंडल का बंटवारा, भाजपा के पास 29 तो जदयू के पास 18 विभाग